जिलाध्यक्ष पद के लिए 29 प्रत्याशी उतरे मैदान में, आखिर कौन बनेगा महराजगंज भाजपा का जिलाध्यक्ष ?

मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा 

UP Samachar Plus 

महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर गुरुवार को पार्टी कार्यालय पर गहमागहमी का माहौल रहा। सुबह 10 बजे से ही कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। नव नियुक्त मंडल अध्यक्षों और जिला प्रतिनिधियों को रिझाने का सिलसिला दिन भर चलता रहा। हर कोई यही जानने को उत्सुक था कि नया जिलाध्यक्ष कौन होगा।

जिलाध्यक्ष पद के लिए सुबह 10 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। चुनाव अधिकारी ओंकार केशरी और सह चुनाव अधिकारी बबलू यादव की देखरेख में नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। नामांकन के लिए कुल 31 पर्चे बिके, जिनमें से 29 दावेदारों ने अपने पर्चे दाखिल किए।

निवर्तमान जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय, पूर्व जिलाध्यक्ष अरुणेश शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष परदेशी रविदास सहित पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल जैसे नाम शामिल रहे।

नामांकन प्रक्रिया की निगरानी के लिए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को आना था, लेकिन किन्हीं कारणों से वे नहीं पहुंच सके। सह चुनाव अधिकारी बबलू यादव ने बताया कि नामांकन पत्रों की पूरी जानकारी प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय को भेजी जाएगी।

जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदारी करने वाले सभी प्रत्याशियों ने जिला चुनाव अधिकारी ओंकार केशरी को अपने नामांकन पत्र सौंपे। इस मौके पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासी उत्सुकता देखी गई।

पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी संजीव शुक्ला ने बताया कि जिलाध्यक्ष पद के लिए वही सदस्य नामांकन कर सकते हैं, जो दो बार सक्रिय सदस्य रह चुके हैं और पार्टी के निर्धारित मानकों को पूरा करते हैं।

नामांकन के दौरान पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, जिला अध्यक्ष संजय पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी, परदेसी रविदास, अरुण शुक्ला, प्रदीप सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव, प्रभाकर द्विवेदी, जितेंद्र पाल, दुर्गा अग्रहरी, संतोष सिंह, गोलू सिंह समेत नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष और अन्य जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।

नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद प्रत्याशियों में आगामी चुनाव को लेकर चर्चा और रणनीति तेज हो गई। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि महराजगंज भाजपा का नया जिलाध्यक्ष कौन बनेगा ?


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com